गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 9 सितंबर। त्रिवेणी संगम साहित्य समिति के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर पथर्रा स्थित साहित्य सदन में संभाग स्तरीय सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर, गरियाबंद और धमतरी जिले के शिक्षकों का अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी एच.एल. साहू ने अपने संबोधन में शिक्षकों के कर्तव्यों, आचरण और समाज निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता भारत लाल साहू ने संस्था का परिचय प्रस्तुत किया तथा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मकसूदन राम साहू तथा लाला साहू (अध्यक्ष, राजिम भक्तिन मंदिर समिति) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत राजिम की पार्षद रेखा कुलेश्वर साहू उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम तीन चरणों में संपन्न हुआ। जिसमें सर्वप्रथम नवनिर्मित साहित्य सदन में हवन-पूजन एवं माता सरस्वती की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। सेवानिवृत्त प्राचार्य रूपेंद्र साहू (कोठीगांव), सेवानिवृत्त उच्च श्रेणी शिक्षक भुवनेश्वर पटेल (आलेखूंटा) व शंकर लाल साहू (रोहिना), सेवानिवृत्त प्रधान पाठक केवल राम साहू (भैंसमुंडी, धमतरी), सुखी राम साहू (करकरा, गरियाबंद) तथा मकसूदन राम साहू (नवापारा) को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
तीसरे चरण में आयोजित कवि सम्मेलन में कोमल सिंह साहू, नरेंद्र कुमार पार्थ, मोहनलाल मानिकपुरी ‘भावुक ’, रोहित कुमार साहू ‘माधुर्य ’, रामेश्वर ‘रंगीला ’, तुषार शर्मा च्नादानज्, डॉ. रमेश कुमार सोनसायटी तथा श्रवण कुमार साहू ने विभिन्न विषयों व लघु कथाओं का पाठ किया।
कार्यक्रम का संचालन तुषार शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन मोहनलाल मानिकपुरी द्वारा किया गया।