गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 8 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को शहनाई मैरिज पैलेस में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज के जन्मोत्सव एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शासकीय प्राथमिक शाला खोलीपारा नवापारा की सहायक शिक्षिका कुमारी प्रीति साहू को पूर्व राज्यपाल रमेश बैस एवं अशोक बजाज द्वारा सम्मानित किया गया।
कुमारी प्रीति साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचारपूर्ण एवं गतिविधि आधारित शिक्षण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। विनोबा ऐप पर उनके शिक्षण नवाचारों एवं गतिविधियों को लगातार सराहना मिली है। वे रायपुर जिले में 20 बार पीएमओ का खिताब प्राप्त करने वाली पहली शिक्षिका हैं। उनकी यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार एवं सक्रियता को दर्शाती है।
कुमारी प्रीति साहू इससे पूर्व संकुल प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी बीआरसीसी एवं जिला मिशन समन्वयक द्वारा भी सम्मानित हो चुकी हैं। इसके साथ ही रायपुर कलेक्टर द्वारा उन्हें दो बार सम्मानित किया जा चुका है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा भी उपस्थित रहे। सम्मान प्राप्त होने पर कुमारी प्रीति साहू ने श्री बैस एवं श्री बजाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का क्षण होने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है।