गरियाबंद

झीरम कांड का फैसला आधा-अधूरा न्याय, साजिश का पर्दाफाश अब भी बाकी - कांग्रेस
07-Sep-2026 2:50 PM
झीरम कांड का फैसला आधा-अधूरा न्याय, साजिश का पर्दाफाश अब भी बाकी - कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 7 सितंबर। झीरम घाटी हमला मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस ने इसे ‘आधा-अधूरा न्याय’ बताते हुए साजिश का पूरी तरह पर्दाफाश करने की मांग की है।

 जिला कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा और जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने पत्रकार वार्ता में एनआईए की जांच पर गंभीर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जांच में राजनीतिक षड्यंत्र के पहलू को पर्याप्त रूप से नहीं खंगाला गया। उन्होंने परिवर्तन यात्रा का मार्ग बदलने, सुरक्षा हटाए जाने और हमले की योजना को लेकर सवाल उठाए। साथ ही शुरुआती एफआईआर में नामजद बड़े नक्सली नेताओं गणपति और रमन्ना के नाम बाद की चार्जशीट से हटाए जाने पर भी आपत्ति जताई।

कांग्रेस ने कहा कि आत्मसमर्पण कर चुके तथा झीरम मामले में वांछित रहे नक्सलियों से पूछताछ क्यों नहीं की गई, इसकी भी जांच होनी चाहिए। पार्टी ने घायलों और जीवित बचे लोगों के बयान दर्ज नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए झीरम कांड की पूरी साजिश सामने लाने की मांग की।


अन्य पोस्ट