गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 6 सितंबर। अभनपुर-राजिम मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत सडक़ हादसे में हुई या उसके साथ कोई आपराधिक वारदात हुई? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मानिकचौरी के रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार रात युवक का खून से लथपथ शव मिला। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान अभनपुर क्षेत्र के ग्राम गातापार निवासी देवाराम साहू पिता स्वर्गीय जुगराम साहू (48) के रूप में हुई है।
मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका गहरा गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार दोपहर अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जांच सेंपल एकत्र किए हैं। वहीं पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।