गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 6 सितंबर। गरियाबंद जिले के सहायक शिक्षक गिरीश कुमार शर्मा का चयन राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए हुआ है। शिक्षक दिवस के अवसर पर लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इस सम्मान के लिए चयनित शिक्षकों के नामों की घोषणा की।
शैक्षणिक नवाचार और कार्य
प्रिंट रिच वातावरण (शिक्षा की ट्रेन): उन्होंने विद्यालय परिसर में दीवारों और कक्षों पर शैक्षणिक सामग्री प्रदर्शित कर ‘प्रिंट रिच’ वातावरण तैयार किया, जिसे ‘शिक्षा की ट्रेन’ प्रारूप का नाम दिया गया।
कोविड काल में शिक्षण: कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने ऑनलाइन कक्षाओं, मोहल्ला क्लास और ‘पढ़ई तुंहर दुआर’ अभियान के तहत शिक्षण कार्य जारी रखा, जिसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। गिरीश शर्मा को पूर्व में विभिन्न स्तरों पर कई सम्मान मिले 2019: मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण (शिक्षा दूत पुरस्कार)। 2020-2022: ‘पढ़ई तुंहर दुआर’ एवं ‘पढ़ई तुंहर दुआर 2.0’ अभियान में कार्य हेतु सम्मान।
2023-2024: भारत श्री राष्ट्रीय अवार्ड (इंदौर), स्वदेश भारत गौरव सम्मान (अयोध्या), भारत भूषण अवार्ड (भोपाल) तथा आचार्य चाणक्य स्मृति सम्मान (रायपुर)। 2024-2026: जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस एवं योग दिवस समारोहों में प्रशस्ति-पत्र। चयन की घोषणा के उपरांत जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, महाविद्यालयों के प्राचार्यों, विभागीय अधिकारियों एवं शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। नाम घोषित होने पर गिरीश कुमार शर्मा ने इसका श्रेय वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन, साथी शिक्षकों और परिजनों के सहयोग को दिया।