गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 5 सितंबर। सेठ भागीरथ लाल चतुर्भुज अग्रवाल द्वारा 100 वर्ष पूर्व निर्मित श्रीराधाकृष्ण मंदिर जो कि नगर को समर्पित है, जहां जगत के नाथ जगन्नाथ, सुभद्रा, बलराम के साथ ही शिव परिवार, माँ दुर्गा भवानी, हनुमानजी, अग्रसेन महाराज के साथ ही बहुत ही मनोहारी मनमोहक रुप में भगवान राधाकृष्ण विराजित है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था,रंग बिरंगे फूल के अलावा केला, सेवफल आदि से सजाया गया था।
भगवान को नए वस्त्र, केशर, चंदन तिलक एवं माखन मिश्री का भोग लगाया गया। इस अवसर पर अंचल की सुप्रसिद्ध सालासर सुन्दरकाण्ड हनुमान चालिसा जनकल्याण समिति का प्रतिवर्ष की भांति रंगारंग भजनों का आयोजन रखा गया था। जिसमें ,हरि आ जाओ, कृष्ण नाम प्यारा, शुक्रिया शुक्रिया, फूलों से सजा दो, सारी दुनिया में आंनद छायो,बांटो आज बधाई, सारे मोहल्ले में हल्ला हो गया, गोरे गोर दाऊजी के काले भैया,ओ मम्मी कर दे तू तैयार, लड्डू बंटे नगरिया।
इस अवसर पर नेमी, गुलाब, सुमित, राजू काबरा, मोहिनी, ईशा के अनेक भजनों पर भक्तगण मंत्र मुग्ध हो गए ,मंदिर के सर्वराकार ट्रस्टी मोहनलाल, गोपाल, गिरधारी अग्रवाल आदि भक्त गण झूमने लगे। जैसे ही रात के 12 बजने वाला था, पूरे मंदिर परिसर में अंधेरा छा गया,ओर लोग भगवान की झलक पाने अपने मोबाइल की स्क्रीन आन कर,जोर जोर से हरि बोल, स्वागतम कृष्णा की गुंजायमान करने लगे। जैसे ही 12 बजे भगवान का जन्म हुआ लोग कान्हा के दर्शन को आतुर हो गए। गुब्बारे फूटने लगे, पुष्पों की वर्षा होने लगी, माखन मिश्री का प्रसाद लेने होड़ सी मच गई। मंदिर ट्रस्ट ने सभी भक्तों को जन्माष्टमी पर्व की बधाई देते हुए सभी को प्रसाद दिया गया।