गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
छुरा, 4 सितंबर। आईएसबीएम विश्वविद्यालय, नवापारा (कोसमी), छुरा में ‘ चेंज मेकर्स - नेकी की दीवार’ विषय पर विशेष जागरूकता एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. लक्ष्मीकांत सिन्हा ने ‘नेकी की दीवार-चेंज मेकर्स’ अभियान की मानवीय अवधारणा को विशेष रूप से समझाते हुए कहा कि घरों में उपलब्ध अतिरिक्त लेकिन स्वच्छ और उपयोग योग्य कपड़े, पुस्तकें, शैक्षणिक सामग्री, बैग, जूते, खिलौने तथा अन्य आवश्यक वस्तुएँ जरूरतमंद व्यक्तियों तक सम्मानपूर्वक पहुँचाई जा सकती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल वस्तुओं के दान का अभियान नहीं है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति की गरिमा, आत्मसम्मान और गोपनीयता की रक्षा करते हुए मानवता की सेवा करने का प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों से वस्तुओं के साथ अपना समय, ज्ञान, कौशल और श्रम भी समाज के हित में साझा करने का आह्वान किया। अभियान का प्रमुख संदेश रहा—जो आपके लिए अतिरिक्त है, वह किसी जरूरतमंद के लिए बहुत खास हो सकता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीन अकादमिक एवं आईक्यूएसी निदेशक प्रो. एन. के. स्वामी ने इस समन्वित अभियान की सराहना करते हुए इसके उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और अपेक्षित परिणामों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सकारात्मक परिवर्तन केवल विचारों से नहीं, बल्कि निरंतर और जिम्मेदार कार्यों से आता है। विश्वविद्यालय में प्रारंभ किए गए इन अभियानों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, पर्यावरणीय चेतना, सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिकता का विकास होगा।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. ओ. पी. साहू ने विद्यार्थियों को सभी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अभियान की सफलता विद्यार्थी स्वयंसेवकों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय प्रशासन के समन्वित प्रयासों पर निर्भर करेगी।
इन सभी अभियानों के प्रभावी संचालन एवं नियमित निगरानी के लिए अलग-अलग संकाय सदस्यों के नेतृत्व में समितियों का गठन किया गया। संबंधित समितियों में विद्यार्थी स्वयंसेवकों को भी जिम्मेदारी प्रदान की गई, ताकि गतिविधियों को केवल एकदिवसीय आयोजन तक सीमित न रखते हुए निरंतर क्रियान्वित किया जा सके। डॉ. अश्वनी कुमार साहू, अश्वनी कुमार साहू, दुष्यंत यादव, लुकेश्वर साहू और ट्विंकल दीपक ने भी अपने-अपने निर्धारित अभियानों की कार्ययोजना, उद्देश्य, जिम्मेदारियों और क्रियान्वयन प्रक्रिया के विषय में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की। विश्वविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों ने भी विद्यार्थियों को इन अभियानों से जुडक़र परिसर और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने सडक़ सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने, तंबाकू एवं धूम्रपान से दूर रहने, एकल-उपयोग प्लास्टिक को कम करने, अपशिष्ट का उचित प्रबंधन करने, पौधों का संरक्षण करने, जल, ऊर्जा एवं कागज की बचत करने तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की सम्मानपूर्वक सहायता करने का सामूहिक संकल्प लिया। विश्वविद्यालय द्वारा प्रारंभ किया गया यह अभियान विद्यार्थियों को शिक्षित करने के साथ-साथ उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और मानवता की सेवा के लिए तत्पर नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।