गरियाबंद

तहसीलेश्वर महादेव व गायत्री मंदिर में हलषष्ठी पर पूजा-अर्चना
03-Sep-2026 6:57 PM
तहसीलेश्वर महादेव व गायत्री मंदिर में हलषष्ठी पर पूजा-अर्चना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 3 सितंबर। त्रिवेणी संगम के इस पावन धरा राजिम के तहसील कार्यालय पर स्थित श्री तहसीलेश्वर महादेव में हलषष्ठी व्रत पूजा बड़े धूमधाम से श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर देवकी साहू के नेतृत्व में उपस्थित दीपा साहू, पद्मिनी साहू, ईश्वरी साहू, रानी कंसारी, मालती साहू, रेखा साहू, दीक्षा साहू, मेघा साहू, विद्या साहू, वीणा साहू, तारा निर्मलकर, राजेश्वरी सोनकर,शकुन सोनकर, रामेश्वरी सोनकर, सविता सोनकर, नीलिमा सेन,पूर्णिमा साहू, रेणुका साहू आदि लगभग 150 महिलाएं व्रत पूजा में शामिल होकर बहुत ही उत्साह, उमंग, श्रद्धा भक्ति के साथ पूजा अर्चना की तथा अपनी संतान की स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की इधर गायत्री शक्तिपीठ नवापारा के प्रांगण में सभी माताएं एकत्रित होकर जहां भगवान शिव, गौरी-गणेश, कार्तिकेय और नंदी भगवान की पूजा अर्चना कर भादो महीने की कृष्ण पक्ष की षष्ठी को हलषष्ठी का पर्व मनाया गया। इसे छत्तीसगढ़ में कमरछठ के नाम से जाना जाता है।

इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम का जन्मोत्सव मनाया जाता है। बलराम को शेषनाग का अवतार भी माना गया है। भगवान विष्णु के अधिकांश अवतारों में शेषनाग किसी न किसी रूप में उनके साथ हमेशा अवतरित हुए हैं। हिंदू धर्म शास्त्रानुसार भगवान बलराम का प्रधान शस्त्र हल और मूसल है। हल धारण करने के कारण भी बलराम को हलधर कहा जाता है। कमरछठ के दिन माताएं व्रत रहकर संतान की लंबी उम्र और समृद्धि की प्रार्थना किए।


अन्य पोस्ट