गरियाबंद
अभनपुर, 29 अगस्त। अभनपुर थाना क्षेत्र के बड़े उरला स्थित शराब दुकान के पास चाकू दिखाकर मारपीट और लूट करने के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, गेंदलाल ध्रुव से तीन व्यक्तियों ने मारपीट की और उनका मोबाइल फोन तथा 500 नकद लूटकर फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों ने पीछा कर तीनों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 500 नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू जब्त किया गया है।
थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 126(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने किशोर न्याय कानून के तहत प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।