गरियाबंद

स्वयं बनाई राखी लेकर थाना पहुंचीं छात्राएं
26-Aug-2026 4:36 PM
स्वयं बनाई राखी लेकर थाना पहुंचीं छात्राएं

पुलिस जवानों की कलाई पर बांधा स्नेह का धागा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 26 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पीएम श्री हरिहर शाला की छात्राओं ने प्राचार्य फाखरा खानम दानी के नेतृत्व में नवापारा थाना परिसर पहुंचकर पुलिस जवानों को स्वयं द्वारा बनाई गई राखियां बांधीं। इस दौरान शिक्षिका हिमानी मैम एवं शिक्षक भोमेश देवांगन भी उपस्थित रहे।

छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां पुलिस जवानों की कलाई पर बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। राखी बांधने वाली छात्राओं में पिहू सोनी, देविका देवांगन, बिंदु ध्रुव, श्रद्धा साहू, रिया दुबे, हर्षिका कंसारी, राधिका प्रजापति, तस्सबूम मन्नडे , हरगुन साहू एवं हिमाक्षी साहू शामिल रहीं। बच्चों के हाथों से बनी राखियां पाकर पुलिस जवानों के चेहरे पर भी खुशी और अपनापन देखने को मिला।

पुलिसकर्मियों ने छात्राओं के इस स्नेहपूर्ण प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप नगद राशि प्रदान की। नगद उपहार पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर थाना परिसर में भाई-बहन के स्नेह, सम्मान और आत्मीयता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। पुलिस जवानों ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य फाखरा खानम दानी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।

बच्चों द्वारा स्वयं राखी बनाकर पुलिस जवानों को बांधना उनके भीतर रचनात्मकता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करने वाली सराहनीय पहल है।


अन्य पोस्ट