गरियाबंद

मैत्री डेंटल कॉलेज में साइबर जागृति अभियान, विद्यार्थियों को बताया डिजिटल सुरक्षा का मंत्र
25-Aug-2026 5:49 PM
मैत्री डेंटल कॉलेज में साइबर जागृति अभियान, विद्यार्थियों को बताया डिजिटल सुरक्षा का मंत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 25 अगस्त।  साइबर जागृति अभियान एवं संवाद से समाधान के तहत मैत्री दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंजोरा (दुर्ग) में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, उनसे बचाव के उपायों और साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल, एएसपी ग्रामीण दुर्ग मणिशंकर चन्द्र, एएसपी ममता देवांगन, एएसपी यातायात कौशलेन्द्र पटेल, सीएसपी दुर्ग हर्षित मेहर, डीएसपी भारती मार्कराम, एसडीओपी चित्रा वर्मा, उप निरीक्षक साइबर संकल्प राय, उप निरीक्षक महिला थाना नीता राजपूत, अंजोरा थाना प्रभारी चन्द्रशेखर सोनी तथा एएसआई गुरविंदर सिंह संधू उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने अनुभव के अनुरूप साइबर अपराधों के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती, जागरूकता की आवश्यकता और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार पर प्रकाश डाला, वहीं साइबर विशेषज्ञों एवं थाना स्तर के अधिकारियों ने वर्तमान में प्रचलित साइबर ठगी के तरीकों तथा उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।

विद्यार्थियों को यूएसएसडी कोड फ्रॉड एवं अनकंडीशनल कॉल फॉरवर्डिंग, गिफ्ट बॉक्स डिलीवरी फ्रॉड, इंस्टाग्राम पर अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट के माध्यम से मॉर्फिंग, विशेषकर महिलाओं को परेशान करने वाले साइबर अपराध, एपीके फाइल फ्रॉड तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे ट्रेंडिंग साइबर अपराधों और नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक किया गया। साथ ही पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित सभी को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का शपथ भी दिलाया।

कार्यक्रम के अंत में मैत्री एजुकेशनल सोसायटी के महासचिव राजेश जैन एवं डीन डॉ. प्रदीप बाबू कोम्मी ने पुलिस अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों का मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की मैत्री एजुकेशनल सोसायटी के महासचिव राजेश जैन, डीन डॉ. प्रदीप बाबू कोम्मी, डीन (अकादमिक) डॉ. संजीव सिंह, वाइस डीन डॉ. योगेश साहू, वी.के. त्रिपाठी, राजेश भट्टाचार्य, धीरज बंजारी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कॉलेज प्रबंधन, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट