गरियाबंद

अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 2 करोड़ का गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार
25-Aug-2026 4:07 PM
अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 2 करोड़ का गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

साढ़े 6.50 लाख नगद, गाडिय़ां भी जब्त

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 25 अगस्त। गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 400 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये है, बरामद किया है। इसके अलावा गांजा खरीदी-बिक्री में प्रयुक्त 6 लाख 50 हजार रुपये नगद, आयशर वाहन, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में की गई। जिले के अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों और चेक पोस्टों पर संदिग्ध वाहनों की लगातार सघन जांच एवं निगरानी की जा रही है।

चेकिंग के दौरान तिरपाल

के नीचे मिला गांजा

24 अगस्त की रात थाना देवभोग क्षेत्र के ग्राम खुटगांव स्थित एनएच-130 सी के चेक पोस्ट नाका पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से नारंगी रंग का आयशर वाहन क्रमांक एमएच 06 बीडब्ल्यू 4144 आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो वाहन की छत पर काले रंग के तिरपाल से ढके संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए।

तिरपाल हटाकर जांच करने पर अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार दो लोगों ने पूछताछ में अपना नाम संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे बताया।

आगे चल रही बाइक ने खोला तस्करी नेटवर्क का राज

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उनके आगे नीले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक ओडी 08 5814 पर दो व्यक्ति रास्ता बताते हुए चल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाइक की तलाश कर उसमें सवार पंकज अनंता मोहिते और जलंधर खम्हारी को भी पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आयशर वाहन से 400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के पास गांजे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने मौके से 1.50 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, आयशर वाहन और मोटरसाइकिल जब्त की।

ओडिशा से सप्लायर गिरफ्तार

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ग्राम डेंगागुड़ा, थाना आमपानी, जिला कालाहांडी, ओडिशा निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त करना बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए ओडिशा पहुंचकर गांजा सप्लायर विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से गांजा के क्रय-विक्रय में प्रयुक्त 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

इस तरह पुलिस ने गांजा परिवहन करने वाले आरोपियों के साथ ही गांजा उपलब्ध कराने वाले सप्लायर तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों में संतोष अनंता मोहिते, सुमित सुभाष थोड़वे, पंकज अनंता मोहिते तीनों निवासी महाराष्ट्र, जलंधर खम्हारी, विनोद दिसारी दोनों निवासी जिला कालाहांडी, ओडिशा हैं।

यह सामान हुआ जब्त

400 किलोग्राम अवैध गांजा — अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये। आयशर वाहन एमएच 06 बीडब्ल्यू 4144 — अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये। मोटरसाइकिल ओडी 08 5814 — अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये।

तीन टच स्क्रीन मोबाइल फोन — अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये। आरोपियों के कब्जे से 6 लाख 50 हजार रुपये नगद।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ई)(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


अन्य पोस्ट