गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 25 अगस्त। सावन माह के चौथे एवं अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर नवापारा स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। झमाझम बारिश के बावजूद भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस वर्ष आयोजन के लिए 2 लाख 10 हजार पार्थिव शिवलिंग की गोलियां तैयार की गई थीं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते देखते ही देखते सभी गोलियां समाप्त हो गईं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि तथा मनोकामना पूर्ति की कामना की। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगातार भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा। इसके बाद भक्तों के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें लगभग 2 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल भी प्रस्तुत की। नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं बुजुर्गों ने भी पहुंचकर भगवान शिव की आराधना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में मनमोहन अग्रवाल,आशु गोयल, दीपक पोद्दार,राजू सुंदरानी, विजय गोयल, संदीप गोयल,प्रदीप बोथरा, पप्पू भंसाली, अक्षय अग्रवाल, अंकित साहू, गोविंद, मोहनलाल अग्रवाल, ललित पांडे, राजू साहू, रोहित साहू, केशव साहू, डोमन वैष्णव,चंदन पटेल सहित अनेक श्रद्धालुओं का सहयोग रहा। श्री राधा-कृष्ण मंदिर के सर्वराकार मोहन अग्रवाल,गोपाल अग्रवाल, गिरधारी अग्रवाल,नयन अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल,प्रणय अग्रवाल एवं प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि सावन के चौथे सोमवार को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भक्तों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं रोक सकी और पूरा मंदिर परिसर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया।