गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 24 अगस्त। सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। त्रिवेणी संगम के बीच स्थित श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
वहीं सडक़ों पर भी कांवरियों की टोलियां नजर आईं। गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर कांवरिए भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए जल लेकर श्री कुलेश्वरनाथ महादेव के दर्शन के लिए पहुंचे। कांवरियों और श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने कुलेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
लक्ष्मण झूला में खचाखच भीड़
सावन के अंतिम सोमवार को लक्ष्मण झूला क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तों से खचाखच नजर आया। हर ओर बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा।