गरियाबंद

प्रोजेक्ट पुनर्जीवन : पुराने पेड़ों को मिलेगा नया जीवन
24-Aug-2026 3:00 PM
प्रोजेक्ट पुनर्जीवन : पुराने पेड़ों को मिलेगा नया जीवन

पीडब्ल्यूडी ने युद्धस्तर पर शुरू किया अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 24 अगस्त। जिला प्रशासन द्वारा शहर एवं जिले में सडक़ किनारे स्थित पुराने पेड़ों के संरक्षण, संवर्धन एवं समुचित विकास के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ प्रारंभ किया गया है।

इस महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत ऐसे पुराने पेड़ों को पुनर्जीवित किया जा रहा है, जिनके आसपास अत्यधिक कंक्रीटीकरण अथवा लोहे के ट्री गार्ड लगे होने के कारण उनकी प्राकृतिक वृद्धि प्रभावित हो रही थी। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस कार्य को युद्धस्तर पर प्रारंभ किया गया है। लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी राजीव वैद्य एवं रिषी सेन विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर प्रथम चरण में गोबरा नवापारा क्षेत्र के नवापारा-पारागांव मार्ग पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में किनारे स्थित पुराने पेड़ों को ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ के अंतर्गत चिन्हांकित कर उनके संरक्षण एवं पुनर्जीवन का कार्य किया जा रहा है।  इस अभियान के तहत सडक़ किनारे वर्षों से खड़े ऐसे पेड़ों के तनों के आसपास जमा अनावश्यक कंक्रीट को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही, जहां पुराने लोहे के ट्री गार्ड पेड़ों के तने एवं शाखाओं के प्राकृतिक विस्तार में बाधक बन रहे हैं, वहां उन्हें भी हटाया जा रहा है। इससे पेड़ों की जड़ों को पर्याप्त खुला स्थान मिलेगा और वर्षाजल एवं हवा का प्राकृतिक रूप से जड़ों तक पहुंचना आसान होगा। समय के साथ सडक़ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के दौरान कई पेड़ों के चारों ओर कंक्रीट कर दिया जाता है। इससे पेड़ों की जड़ों के फैलाव में बाधा उत्पन्न होती है और उनकी प्राकृतिक वृद्धि प्रभावित होती है।  ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ का उद्देश्य ऐसे पुराने वृक्षों को आवश्यक खुला स्थान उपलब्ध कराकर उनके प्राकृतिक विकास, स्वास्थ्य एवं दीर्घकालीन संरक्षण को सुनिश्चित करना है। लोक निर्माण विभाग रायपुर संभाग क्रमांक 3 के अंतर्गत अभनपुर उपसंभाग द्वारा नवापारा-पारागांव मार्ग पर इस कार्य को प्राथमिकता के साथ प्रारंभ किया गया है ।

तथा चरणबद्ध रूप से चिन्हांकित पेड़ों के आसपास कंक्रीट हटाने और अनुपयोगी ट्री गार्ड को हटाने का कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी ऐसे पेड़ों को चिन्हांकित कर उनके पुनर्जीवन की दिशा में कार्य किया जाएगा। यह पहल केवल पेड़ों को बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पहले से मौजूद पुराने और विकसित वृक्षों को संरक्षित कर उनकी प्राकृतिक वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पुराने वृक्ष शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पर्यावरणीय संतुलन, छाया, हरित आवरण और जैव विविधता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग रायपुर संभाग क्रमांक 3 के अंतर्गत अभनपुर उपसंभाग की इस पहल से विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता मिलेगी। ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ के माध्यम से पुराने वृक्षों को नया जीवन देकर क्षेत्र को अधिक हरित, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट