गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 22 अगस्त। गरियाबंद जिले के नवनियुक्त कलेक्टर एवं 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रणबीर शर्मा ने शुक्रवार को जिला कार्यालय पहुंचकर गरियाबंद के 14वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान कलेक्टर बीएस उइके से कार्यभार लिया। इस अवसर पर श्री उइके ने पुष्पगुच्छ भेंटकर श्री शर्मा को नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंटकर नवनियुक्त कलेक्टर का स्वागत किया। श्री शर्मा ने अधिकारियों से परिचयात्मक चर्चा करते हुए जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की सामान्य जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर रणबीर शर्मा इससे पहले समाज कल्याण विभाग के संचालक के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि जिले में विकास की गति को आगे बढ़ाना और शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत एवं बेहतर क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक आमजनों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा।
पदभार ग्रहण के बाद कलेक्टर श्री शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, श्री नवीन भगत सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।