गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 22 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक परमेश्वर निर्मलकर ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि पूर्व से नियुक्त शिक्षकों की भर्ती एवं पदोन्नति में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता के खिलाफ 25 अगस्त को गरियाबंद जिले में ‘टेट मुक्ति रैली’ निकाली जाएगी। रैली के बाद मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के नाम कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि रैली की तैयारी को लेकर 22 और 23 अगस्त को टीईटी से प्रभावित शिक्षकों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी और अधिक से अधिक शिक्षकों को रैली में शामिल करने की अपील की जाएगी।
मोर्चा के प्रदेश संयोजक संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे और केदार जैन ने प्रदेशभर के शिक्षकों से टीईटी मुक्ति की मांग को लेकर संगठन के साथ तालमेल बनाकर आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया है। मोर्चा का कहना है कि पूर्व से नियुक्त शिक्षकों के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में टीईटी अनिवार्य नहीं था, लेकिन नई प्रक्रिया के कारण वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं।
28 वर्ष की सेवा के बाद टीईटी की अनिवार्यता पर सवाल
जिला संयोजक परमेश्वर निर्मलकर ने कहा कि कई शिक्षक करीब 28 वर्षों से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में इतने लंबे सेवा अनुभव के बावजूद उन्हें दोबारा टीईटी जैसी परीक्षा के लिए बाध्य किया जाना शिक्षकों के लिए चिंता का विषय है। मोर्चा ने टीईटी से प्रभावित शिक्षकों की सेवा सुरक्षा की गारंटी की बात कही है।
मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग के साथ इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हो चुकी है और शिक्षकों के हित में सकारात्मक पहल का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए प्रभावित शिक्षकों को भी संगठित होकर संघर्ष करना होगा।
शिक्षा सचिव और डीपीआई से हुई चर्चा
मोर्चा के प्रदेश संयोजक संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे और केदार जैन ने शिक्षा सचिव कमलप्रीत सिंह तथा लोक शिक्षण संचालक ऋतुराज रघुवंशी से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मोर्चा ने अपनी कार्ययोजना अधिकारियों के समक्ष रखी, जिस पर सकारात्मक पहल का भरोसा मिलने की बात कही गई है।
शिक्षकों के लिए बीएड ब्रिज कोर्स शुरू कराने की मांग भी रखी गई। मोर्चा के अनुसार, इस संबंध में एससीईआरटी को बैठक कर कार्ययोजना बनाने के लिए पहल करने का भरोसा दिया गया है।