गरियाबंद
नवापारा-राजिम, 21 अगस्त। पीएमश्री हरिहर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नवापारा में गुरुवार को विद्यालय की प्राचार्य फाखरा ख़ानम दानी के 62वें जन्मदिन के अवसर पर ‘न्योता भोज—आओ खुशियां बांटे’ के तहत बच्चों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया।
लंबे समय बाद विद्यालय पहुंचीं प्राचार्य फाखरा ख़ानम दानी को बच्चों और विद्यालय परिवार के बीच देखकर माहौल आत्मीय और भावुक हो गया। विद्यालय के प्रति प्राचार्य दानी का लगाव और समर्पण शुरू से ही विशेष रहा है। बच्चों के साथ उनका सहज जुड़ाव और विद्यालय के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा रही है। यही कारण रहा कि उनके विद्यालय पहुंचते ही बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला। बच्चों के साथ समय बिताते हुए प्राचार्य भी काफी प्रसन्न नजर आईं।
प्राचार्य ने बच्चों के साथ बैठकर उनकी खुशियां साझा कीं और उन्हें स्नेह एवं आशीर्वाद दिया। यह आयोजन केवल भोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्राचार्य और विद्यार्थियों के बीच वर्षों से बने आत्मीय रिश्ते की खूबसूरत झलक भी देखने को मिली।
जन्मदिन के इस अवसर पर आयोजित न्योता भोज ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि रिश्तों, संस्कारों और भावनाओं का भी परिवार है।