गरियाबंद
आरोपी घर में छिपकर पुलिस पर गुलेल से करता रहा हमला, मशक्कत के बाद पकड़ाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 20 अगस्त। गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र बुधवार को ग्राम पेंड्रा में आपसी विवाद को लेकर कुल्हाड़ी से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी अपने घर में छिप गया और पुलिस टीम पर गुलेल से हमला करता रहा। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे आरोपी हीरालाल नागेश कुल्हाड़ी लेकर अपने पड़ोसी नरेंद्र सोरी के घर पहुंचा और आपसी विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए नरेंद्र पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दौरान खोलबहरा सोरी बीच-बचाव करने के लिए आरोपी के पास पहुंचा।
आरोप है कि इससे आक्रोशित हीरालाल नागेश ने खोलबहरा सोरी को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर, गला और गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्राणघातक वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण खोलबहरा सोरी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान खोलबहरा सोरी पिता फागुराम सोरी, निवासी ग्राम पेंड्रा के रूप में हुई है।
घटना के बाद आरोपी अपने घर के अंदर जाकर छिप गया। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी घर के अंदर से पुलिस टीम पर गुलेल चलाता रहा। बाद में वह कुल्हाड़ी लेकर घर से बाहर निकला, जिसे पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद हिरासत में लिया।
वहीं, हमले में घायल नरेंद्र सोरी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में रायपुर रेफर किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने आपसी विवाद के चलते आवेश में आकर नरेंद्र सोरी के घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमला करने तथा बीच-बचाव करने पहुंचे खोलबहरा सोरी पर भी प्राणघातक हमला करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर बीएनएस की धारा 103(1), 109(1) एवं 332(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपी हीरालाल नागेश ग्राम पेंड्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।