गरियाबंद

उमंग 2026 : महिला सशक्तिकरण के साथ सेवा का अनूठा प्रयास
19-Aug-2026 4:15 PM
उमंग 2026 : महिला सशक्तिकरण  के साथ सेवा का अनूठा प्रयास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 19 अगस्त। अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं समाजसेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘उमंग 2026’ शॉपिंग एग्जीबिशन का आयोजन राधाकृष्ण मंदिर परिसर स्थित वृंदावन कुंज में किया गया। प्रदर्शनी में महिलाओं ने अपनी कला, रचनात्मकता और व्यापारिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। उमंग शापिंग

एग्जीबिशन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ जयपुर, कोलकाता और मुंबई जैसे शहरों से भी विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए। यहां महिलाओं द्वारा तैयार किए गए आकर्षक परिधान, गृह सज्जा सामग्री, हस्तनिर्मित वस्तुएं, खान-पान सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री उपलब्ध रही। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी की और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

‘उमंग 2026’ की विशेषता यह रही कि इसका उद्देश्य केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदर्शनी से प्राप्त आमदनी को जरूरतमंदों की सहायता में लगाना है। एग्जीबिशन की आय से स्थानीय विभिन्न शालाओं में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को सहयोग प्रदान किया गया। इसके साथ ही जरूरतमंद बच्चों एवं दिव्यांगजनों के उपचार के लिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

इसी क्रम में शासकीय कन्या शाला की 23 निर्धन छात्राओं की फीस जमा कराई गई। वहीं विभिन्न शालाओं में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप जरूरी वस्तुएं भी प्रदान की गईं। इस पहल से महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती मिली।

अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल की अध्यक्ष एवं सभी कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी सहभागी महिलाओं, स्टॉल संचालकों, सहयोगियों एवं आगंतुकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘उमंग 2026’ महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ समाज के जरूरतमंद वर्गों की मदद करने का सार्थक प्रयास है।


अन्य पोस्ट