गरियाबंद

छुरा में निकली तिरंगा यात्रा
17-Aug-2026 3:53 PM
छुरा में निकली तिरंगा यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 छुरा, 17 अगस्त। गरियाबंद जिले के छुरा जनपद स्थित निजी कचना धुरवा महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना यानी रासेयो के तत्वावधान में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम अधिकारी रेखराम कुर्रे के मार्गदर्शन में महाविद्यालय के स्वयंसेवक छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर नगर में देशभक्ति का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग, बस स्टैंड, बाजार चौक होते हुए वापस महाविद्यालय में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा के नारे गूंजते रहे। राहगीरों और दुकानदारों ने भी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम अधिकारी रेखराम कुर्रे ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना जागृत करने के उद्देश्य से यह तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि रासेयो के स्वयंसेवक समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक हैं। तिरंगा केवल कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे शहीदों के बलिदान और देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ सभी ने देश सेवा का संकल्प लिया।

रासेयो इकाई ने बताया कि स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान महाविद्यालय में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और निबंध प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।


अन्य पोस्ट