गरियाबंद
मैनपुर, 17 अगस्त। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड स्थित पत्रकार कार्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पत्रकार संघ अध्यक्ष एवं भाजपा किसान मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी मोहन सिंह कुशवाहा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों द्वारा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
इस दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। पत्रकार संघ के संरक्षक हसन खान, रूपेश साहू, राधेश्याम पटेल, पुलतस शर्मा और रामकृष्ण ध्रुव सहित अन्य उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
समारोह को संबोधित करते हुए मोहन सिंह कुशवाहा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मिल-जुलकर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों एवं सदस्यों ने राष्ट्रहित में कार्य करने और देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।