गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 17 अगस्त। धर्मनगरी राजिम में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें राजिम विधायक रोहित साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर तिरंगा फहराया और क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
बस स्टैंड स्थित राजिम के हृदय स्थल पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक में बेरोजगार संघ एवं नगरवासियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधायक रोहित साहू ने ध्वजारोहण किया। इसके अलावा उन्होंने विकास मोटर्स शोरूम में व्यवसायी श्याम अग्रवाल के प्रतिष्ठान पहुंचकर भी तिरंगा फहराया। विधायक श्री साहू नगर पालिका परिषद राजिम द्वारा आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी विशेष रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर पालिका प्रशासन राजिम शहर को सुंदर, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। शहर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
समारोह के दौरान राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू ने नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता ही साइबर सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है। किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साइबर या वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने अथवा नजदीकी थाने में सूचना देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर ने उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से स्वतंत्रता दिवस का यह गरिमामय आयोजन सफल और यादगार बन सका।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता सोमनाथ पटेल ने किया। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी, पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर सभापति भारत यादव, आकाश राजपूत, तुषार कदम, जानकी पटेल, टंकेश्वर सोनकर, रेखा कुलेश्वर साहू, बेरोजगार संघ के देवेंद्र शर्मा, वरिष्ठ नागरिक ताराचंद मेघवानी, अशोक श्रीवास्तव, राजिम भक्तिन माता मंदिर समिति के अध्यक्ष लाला साहू, विकास तिवारी, प्रकाश साहू, रोशनी गोस्वामी, सुरेश यादव, कमल सिन्हा, सीएमओ संतोष विश्वकर्मा, इंजीनियर नितेश भंवर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।