गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 17 अगस्त। सावन मास के पावन अवसर पर अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने सपत्नीक भव्य बोलबम पंचकोशी यात्रा निकाली। यात्रा की शुरुआत ग्राम सारखी स्थित सारखेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के साथ हुई।
इस दौरान विधायक ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर अभनपुर विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनके साथ नवापारा नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू, पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय गोयल,नगर पालिका उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, अभनपुर जनपद उपाध्यक्ष खेलूं राम साहू, मण्डल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा,भाजयुमो अध्यक्ष अंकित मेघवानी,भाजपा महामंत्री सौरभ सिंटू जैन,प्रेमलाल साहू,संजू कंसारी,देवेंद्र साहू,पार्षद सभापति सचिन सचदेव,रवि साहू, निर्मला साहू,पूजा कंसारी,जिना निषाद,नम्मू नारायण ध्रुव सहित पार्षद एल्डरमैन उपस्थित थे। इस दौरान विधायक इंद्र कुमार साहू ने अभनपुर क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। ग्राम सरखी से यात्रा ग्राम पटेवा स्थित पटेश्वर महादेव मंदिर पहुंची,जहां विधायक ने भगवान पटेश्वर नाथ का पूजन कर क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। यात्रा राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित श्री कुलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। विधायक ने त्रिवेणी संगम का पवित्र जल लेकर भगवान कुलेश्वर महादेव का विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की।
उन्होंने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति, अच्छी वर्षा, किसानों की खुशहाली और सभी परिवारों के जीवन में समृद्धि की कामना की। तत्पश्चात चंपारण स्थित चम्पेश्वर महादेव मंदिर पहुंची,जहां दर्शन-पूजन के बाद यात्रा का अंतिम पड़ाव ग्राम छटेरा स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर रहा। यहां पूजा-अर्चना के साथ पंचकोशी बोलबम यात्रा का समापन किया गया।
विधायक ने यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सब मिलकर अपने क्षेत्र को विकास, शांति और समृद्धि की दिशा में आगे ले जाने का संकल्प लें।