गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 16 अगस्त। श्री राधा कृष्ण मंदिर में सोमवार 17 अगस्त को महानदी त्रिवेणी संगम तट से मंदिर परिसर तक सहस्त्रधारा जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मंदिर समिति के अनुसार यह कार्यक्रम पिछले 26 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है।
प्रत्येक सोमवार को प्रात: 8 से 10.30 बजे तक पार्थिव शिवलिंग निर्माण किया जाता है। पं. संतोष मिश्रा एवं देवेंद्र दुबे द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई जा रही है।
सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालुओं द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर त्रिवेणी संगम तट से जल लाकर मंदिर स्थित शिवलिंग का सहस्त्रधारा जलाभिषेक किया जाता है। महिलाएं सिर पर कलश रखकर मंदिर तक जल लाती हैं।
स्व. रेखराज चतुर्भुज अग्रवाल परिवार द्वारा निर्मित इस मंदिर का निर्माण कार्य माघ सुदी 13 संवत् 1980 को प्रारंभ होकर मार्गशीर्ष वदी 10 संवत् 1982 में पूर्ण हुआ था। मंदिर में श्री राधा कृष्ण के साथ-साथ शिव प्रतिमा की स्थापना की गई थी।
मंदिर के सर्वराकार मोहन अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, गिरधारी अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, शरद शुक्ला एवं टी.एन. रमेश ने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है।
आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होने का आग्रह किया है।