गरियाबंद

राजिम में एनसीसी छात्र सैनिकों ने निकाली तिरंगा रैली
14-Aug-2026 2:24 PM
राजिम में एनसीसी छात्र सैनिकों ने निकाली तिरंगा रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 14 अगस्त। देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को 27 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायपुर के कमान अधिकारी कर्नल एस. वेलमुरगन एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल सुभाष महतो के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में नगर के शासकीय रामबिशाल पाण्डेय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय के एनसीसी छात्र सैनिकों द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई।

एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा के नेतृत्व में 80 से अधिक एनसीसी कैडेट और 40 विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासन के साथ रैली में शामिल हुए। रैली में 211 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट डॉ विनोद कुमार टण्डन सहित 50 से अधिक जवानों की सहभागिता भी रही। नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चन्द्राकर, सभापति आकाश राजपूत सहित पार्षदगण सुरेश पटेल,बलराम यादव, जुगु ठाकुर, तुषार कदम, कुलेश्वर साहू एवं यशवंत निराला भी रैली में शामिल हुए।

रैली सुंदरलाल शर्मा चौक पहुंची, जहां छत्तीसगढ़ के गांधी सुंदरलाल शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भारत माता की जय के जयघोष के साथ रैली विद्यालय परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर कमांडेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करना है। राजिम की जनता और विद्यार्थियों ने जिस उत्साह से जवानों का स्वागत किया, वह गर्व की बात है।  नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि राजिम की धरती पर 211वीं बटालियन के जवानों की तिरंगा यात्रा में शामिल होना और उनका सानिध्य पाना गौरव का अवसर है। जवान देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करते हैं और हाथों में तिरंगा लेकर निकली यह यात्रा युवाओं एवं विद्यार्थियों में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार करेगी। रैली एवं कार्यक्रम में इनके अलावा नगर पालिका के पदाधिकारी, पार्षदगण, सीआरपीएफ के अधिकारी-जवान तथा विद्यालय के शिक्षक शिक्षिका उपस्थित रहे।

कमांडर ने विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेटों से संवाद कर उन्हें देशसेवा, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा द्वारा लिखित काव्य संग्रह ओ मेरी पाठशाला भेंट की गयी। समापन पर विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. ध्रुव ने सभी अतिथियों, सुरक्षा बलों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा ने किया।

तिरंगा रैली के आयोजन से पूरा राजिम क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।


अन्य पोस्ट