गरियाबंद

साहित्य से समाज को मिलती है सकारात्मक दिशा- चंदूलाल साहू
11-Aug-2026 2:51 PM
साहित्य से समाज को मिलती है सकारात्मक दिशा- चंदूलाल साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 11 जून। शहर के गायत्री मंदिर सभागृह में रत्नांचल जिला साहित्य एवं जनकल्याण समिति गरियाबंद के तत्वावधान में रत्नांचल पुस्तक परिचर्चा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। उपस्थित अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। श्री साहू ने कहा कि राजिम साहित्यकारों की भूमि है और साहित्य समाज का दर्पण है। रचनाएं विचारों की अभिव्यक्ति होती हैं। साहित्यकार अपनी सोच को शब्दों में लिपिबद्ध कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता है।

उन्होंने वर्तमान समय में साहित्य के प्रति घटते रुझान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मोबाइल की छोटी-सी स्क्रीन पर आज लगभग हर जानकारी उपलब्ध है। ऐसे समय में गरियाबंद जिले के सैकड़ों साहित्यकारों की रचनाओं से सुसज्जित रत्नांचल पुस्तक का प्रकाशन हर्ष का विषय है। यह पुस्तक जिले की साहित्यिक गाथा को संजोने वाला स्थायी दस्तावेज है और आने वाले समय में एक महत्वपूर्ण धरोहर साबित होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि साहित्य के क्षेत्र में राजिम की भूमि अत्यंत उर्वरा रही है। पंडित सुंदरलाल शर्मा, पुरुषोत्तम अनासक्त, संत कवि पवन दीवान और कृष्ण रंजन जैसे साहित्यकारों की रचनाएं आज भी प्रासंगिक हैं। वर्तमान में भी राजिम में तीन-चार साहित्यिक समितियां सक्रिय हैं।

 जहां कवियों की रचनाओं का पाठ और चर्चा लगातार होती रहती है।

यह राजिम के लिए गौरव की बात है।

विशिष्ट अतिथि गजलकार ओमप्रकाश गोयल ‘अश्क-बस्तरी’ ने कहा कि रत्नांचल पुस्तक के माध्यम से जिले के साहित्यकारों को एक मंच मिला है। इसमें प्रकाशित रचनाएं साहित्य के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने अपनी गजल भी प्रस्तुत की। समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सुकुमार ‘साहिर’ ने स्वागत भाषण देते हुए रत्नांचल जिला साहित्य एवं जनकल्याण समिति की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया रत्नांचल काव्य संग्रह में गरियाबंद जिले के 150 रचनाकारों की रचनाएं शामिल हैं जिसमें 25 दिवंगत एवं 125 रचनाकर वर्तमान में है।

प्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य कवि काशीपुरी कुंदन ने कहा कि मां सरस्वती के साधक को रचना के लिए निरंतर साधना और मेहनत करनी पड़ती है। रत्नांचल में कवियों के विचारों के साथ उनकी मेहनत और संवेदनाओं की झलक भी दिखाई देती है।वरिष्ठ साहित्यकार एवं भाषाविद् दिनेश चौहान ने ‘जेन-जी’ पीढ़ी का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां देश में जेन-जी के विरोध-प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आईं, वहीं गरियाबंद की जेन-जी पीढ़ी साहित्य सृजन के माध्यम से सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने काव्य संग्रह में शामिल जेन-जी और अल्फा पीढ़ी से संबंधित रचनाओं का उल्लेख करते हुए एकांत सोनसार्वा की कविताओं का पाठ किया। इस पर श्रोताओं ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।वरिष्ठ साहित्यकार व्यास नारायण चतुर्वेदी ने कहा कि साहित्यकार जब बूढ़ा होता है, तब उसकी रचनाएं जवान होती हैं। रत्नांचल में दिवंगत रचनाकारों को भी स्थान दिया गया है। साथ ही वर्तमान में निरंतर लेखन कर रहे साहित्यकारों को भी इस पुस्तक के माध्यम से मंच मिला है। उन्होंने भविष्य के संस्करणों में आलेखों को भी स्थान देने का सुझाव दिया।कार्यक्रम में धमतरी के मनीराम साहू एवं धर्मेंद्र सिंहा, बंधु राजेश्वर खरें, संतोष शर्मा, सुरेश बंजारे को प्रदीप मिश्रा,  युवराज देवदास, सुखी राम साहू को ‘रत्नांचल का रत्न सम्मान’ प्रदान किया गया। इसके अलावा जितेंद्र सुकुमार ‘साहिर’, डॉ. मुन्नालाल देवदास, नूतनलाल साहू ‘नूतन’, पुरुषोत्तम चक्रधारी, प्रदीप कुंवरदादा, बीएल श्रीवास, विजय सिन्हा,रेनू शर्मा,सरोज कंसारी, भोजराम साहू,संतोष साहू,अशोक शर्मा, केंवरा यदु,सुरेश बंजारे, कल्याणी कंसारी और भवानी कंसारी सहित अन्य साहित्यकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार सोनकर मंडल ने किया। आभार प्रदर्शन मुन्नालाल देवदास ने किया। इस अवसर पर पार्षद सुरेश पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, उपाध्यक्ष भारत सिन्हा, बादल साहू सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट