गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 10 अगस्त। गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी वाटरफॉल में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झरने के ऊपर पहुंचे एक युवक का अचानक पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा। हादसे के बाद युवक कुछ देर के लिए बेहोश हो गया। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस ने रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली।
घायल युवक की पहचान धमतरी रावां निवासी खूबलाल डिमर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने साथियों के साथ घटारानी घूमने आया था और हादसे के वक्त नशे की हालत में बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक करीब 17 लोगों का समूह घटारानी वॉटरफॉल घूमने पहुंचा था। इसी दौरान खूबलाल डिमर झरने के ऊपरी हिस्से की ओर चला गया। वहां आगे बढऩे के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा। युवक के गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में हडक़ंप मच गया। नीचे गिरने के बाद युवक बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने जोखिम उठाते हुए काफी मशक्कत के बाद घायल युवक तक पहुंचकर उसका रेस्क्यू किया। इसके बाद डायल 112 की मदद से घायल को फिंगेश्वर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटारानी वाटरफॉल में लगातार पर्यटकों के लापरवाही भरे व्यवहार के मामले सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पर्यटन स्थल पर चेतावनी और प्रतिबंध के बावजूद जोखिम वाले स्थानों तक पहुंचना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। फिलहाल फिंगेश्वर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
