गरियाबंद

शराब पीकर पर्यटन स्थल घूमने निकले तो वाहन जब्त
09-Aug-2026 7:21 PM
शराब पीकर पर्यटन स्थल घूमने निकले तो वाहन जब्त

चिंगरापगार तिराहा पर विशेष चेकिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 9 अगस्त। गरियाबंद जिले के पर्यटन स्थलों पर शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि शराब पीकर पर्यटन स्थल घूमने आने वाले वाहन चालकों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

अभियान के तहत यातायात पुलिस टीम ने चिंगरापगार तिराहा के पास विशेष चेकिंग पॉइंट लगाकर आने-जाने वाले वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की। इस दौरान 3 मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने तीनों मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ  मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर संबंधित वाहनों को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

जिले में पर्यटन स्थलों पर बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने यातायात सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान तेज किया है। पुलिस की नजर खासतौर पर ऐसे वाहन चालकों पर है, जो पर्यटन स्थल घूमने के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाते हैं। पुलिस का कहना है कि नशे में ड्राइविंग सडक़ हादसों का बड़ा कारण बन सकती है।

पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाना केवल चालक की अपनी जान के लिए खतरा नहीं है, बल्कि सडक़ पर चलने वाले अन्य निर्दोष लोगों की जिंदगी को भी गंभीर खतरे में डालता है।


अन्य पोस्ट