गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 8 अगस्त। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित कालखंड में कक्षा से अनुपस्थित पाए गए व्याख्याता कमलेश कुमार ध्रुव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गरियाबंद, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय नागाबुड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नागाबुड़ा तथा शासकीय हाई स्कूल नहरगांव का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, गणवेश व पाठ्यपुस्तक वितरण, सरस्वती साइकिल योजना, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उन्होंने विद्यार्थियों से गणित विषय के प्रश्न पूछकर उनकी विषयगत समझ का परीक्षण किया। साथ ही रिक्त कालखंड में शिक्षकों की ड्यूटी लगाने और सभी कालखंडों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नागाबुड़ा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की बोलने की दक्षता का अवलोकन कर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की। वहीं नहरगांव हाई स्कूल में अंग्रेजी विषय में दक्षता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को बोलचाल और विभिन्न गतिविधियों में अंग्रेजी भाषा के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। प्रयोगशाला की पंजी का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण करने के लिए भी कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय के सदुपयोग और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नियमित मूल्यांकन और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने के निर्देश दिए। इस दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी गजेन्द्र ध्रुव भी मौजूद रहे।