गरियाबंद

10 को निकलेगी विस स्तरीय कांवड़ यात्रा, विधायक ने की तैयारियों की समीक्षा
06-Aug-2026 4:21 PM
10 को निकलेगी विस स्तरीय कांवड़ यात्रा, विधायक ने की तैयारियों की समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 6 अगस्त।  सावन माह के पावन अवसर पर 10 अगस्त, सोमवार को आयोजित होने वाली विधानसभा स्तरीय भव्य कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर राजिम विधायक रोहित साहू ने सामाजिक पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। विधायक ने बताया कि कांवड़ यात्रा का शुभारंभ प्रात: 9 बजे फनीकेश्वरनाथ महादेव मंदिर, फिंगेश्वर में पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके पश्चात श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए प्रात: 11 बजे ग्राम बोरसी पहुंचेंगे, जहां स्वल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद यात्रा दोपहर 1 बजे ग्राम कोमा पहुंचेगी,जहां चाय-नाश्ते के उपरांत यात्रा आगे बढ़ेगी। यात्रा 2 बजे राजिम नगर में प्रवेश कर शिवाजी चौक, सुंदरलाल शर्मा चौक, महामाया चौक, राजिम लोचन मंदिर होते हुए लक्ष्मण झूला के मार्ग से कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट