गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 4 अगस्त। गरियाबंद जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने सोमवार को जिला कार्यालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर लंबित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई करने, अवैध रेत उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर लगातार अभियान चलाने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका से जोडक़र अधिक से अधिक लखपति दीदी बनाने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान विधायक रोहित साहू ने गरियाबंद में नगर निवेश कार्यालय खोलने की मांग रखते हुए कहा कि इससे लोगों को रायपुर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। बैठक में कलेक्टर बी.एस. उइके, एसपी वेदव्रत सिरमौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने गरियाबंद में अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बैठक में साफ कहा गया कि जिले में रेत के अवैध कारोबार पर लगातार अभियान चलाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मंत्री के निर्देश सिर्फ बैठकों तक सीमित रहेंगे, या जिले में सक्रिय रेत माफियाओं पर वास्तव में शिकंजा कसेगा? आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई ही तय करेगी कि निर्देशों का जमीनी असर कितना दिखाई देता है।