गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ में ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरौद की छात्राओं ने बॉर्डर पर तैनात वीर जवानों को हस्तनिर्मित राखी,गांव की एक चुटकी पावन माटी एवं शुभकामना संदेश का लिफाफा भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा सदस्य योगिता सिन्हा को सौंपा। गौरतलब है कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सैनिकों के सम्मान में एक बड़ा जन आंदोलन चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सीमाओं पर दिन-रात तैनात वीर सैनिकों के अदम्य साहस, समर्पण और त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए छत्तीसगढ़ की बहनों एवं स्कूली छात्राओं द्वारा हस्तनिर्मित राखी, शुभकामना पत्र एवं माथे में तिलक के लिए घर के आंगन की एक चुटकी पावन माटी भेजी जा रही है। उक्त अवसर पर योगिता सिन्हा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं बल्कि सुरक्षा विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है इस अभियान के जरिए छत्तीसगढ़ के माता बहनों और बच्चों का प्यार अब सीधे देश के वीर जवानों तक पहुंचेगा। घर के आंगन की एक चुटकी पावन माटी मातृभूमि के आशीर्वाद और छत्तीसगढ़ के आत्मीय भावनाओं का प्रतीक बनेगी। रक्षासूत्र बनाने में छात्राओं ने उत्साह से एवं बढ़चढक़र हिस्सा लिया। एवं अभियान को सफल बनाने में स्कूल की प्राचार्य कृष्णा देवांगन, वरिष्ठ शिक्षक डिगेश्वर प्रसाद साहू एवं सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं की विशेष सहभागिता रही।