गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 3 अगस्त। गोबरा नवापारा नगर के धोबी समाज के प्रतिनिधि सदस्य ने आज स्थानीय विधायक इंद्रकुमार साहू से मिलकर सामुदायिक भवन निर्माण की बात रखी जिसमें विधायक ने आश्वस्त करते हुए जल्द से जल्द कार्य को करने की बात कही।
वही समाज के युवा नेता राजू रजक ने कहा सामाजिक,धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु नगर में धोबी समाज का अपना कोई सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं है। इसके अभाव में समाज के लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गोबरा नवापारा नगर में धोबी समाज के लिए एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण की स्वीकृति एवं राशि उपलब्ध हो जाय तो इससे समाज के लोगों को सामाजिक गतिविधियों, बैठकों, विवाह एवं अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थायी स्थान प्राप्त होगा तथा समाज का समुचित विकास भी होगा। नवापारा नगर धोबी समाज अध्यक्ष संतोष निर्मलकर, संरक्षक डेढ़हा निर्मलकर,सुधीर रजक,आर के रजक, ठाकुर राम निर्मलकर, हरीश रजक,जीवन निर्मलकर ने विधायक पर पूर्ण विश्वास करते हुए इस जनहितकारी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई।