गरियाबंद

पृथ्वीम फाउंडेशन का वृक्षारोपण महाभियान
02-Aug-2026 8:19 PM
पृथ्वीम फाउंडेशन का वृक्षारोपण महाभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 2 अगस्त। अंचल की प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्थान पृथ्वीम फाउंडेशन ने सावन माह में ग्रामीण क्षेत्र के खुले,अनुपयोगी स्थानों, स्कूल, आंगनबाड़ी एवं घर की बाडिय़ों में सब्जी एवं फलदार पौधे लगाने का महाभियान आरम्भ किया है।

इसी कड़ी में ग्राम आलेखुटा के आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल एवं घर की बाड़ी में मुनगा, कटहल,अमरूद एवं नींबू के पौधे रोपित कर वृक्षारोपण महाभियान की शुरुवात की गई है। पृथ्वीम फाउंडेशन की अध्यक्ष योगिता सिन्हा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विटामिन से भरपूर मूनगा एवं कटहल के अधिक से अधिक पौधे रोपित करने का लक्ष्य है। सब्जियों में प्रयोग होने वाले मूनगा एवं कटहल के पौधे गांव की बाडिय़ों में लगाए जा रहे है। जिससे ग्रामीणों को घर की बाड़ी से ही सब्जी उपलब्ध हो सके। सावन माह में अभनपुर विकासखंड एवं फिंगेश्वर विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में वृक्षारोपण कर 1000 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य है।

ग्राम आलेखुटा में सरपंच भागेश्वरी सिन्हा की उपस्थिति में ग्रामीण महिलाओं को सब्जियों में उपयोग होने वाले कटहल, मुनगा एवं फलदार पौधे अमरूद, नींबू का वितरण किया गया। उक्त अवसर पर पृथ्वीम फाउंडेशन की अध्यक्ष योगिता सिन्हा एवं ग्राम आलेखुटा की सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं में रोपित पौधों को सुरक्षित एवं सहेजकर रखने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण महाभियान में श्वेता अग्रवाल, सुमन ध्रुव, दुर्गा सिन्हा, लेखनी सिन्हा, झाडूराम सिन्हा,फुलेश यादव एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी के बच्चे एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट