गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 1 अगस्त। साय सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताने वाले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए छग स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि इससे बड़ी विडंबना क्या होगी कि, जो आदमी खुद राजनीति में सबसे बड़ा फेलवर है,वो दूसरों को फेल बता रहा है।
भूपेश बघेल प्रचंड बहुमत के साथ 5 साल मुख्यमंत्री रहने के बाद भी अपनी राजनीतिक अक्षमता के चलते जनता का विश्वास जीतने में फेल रहने के कारण सत्ता गंवा बैठे। अगर उन्होंने अपने क्षेत्र में अपने मुख्यमंत्री पद के प्रभाव का इस्तेमाल कर प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग नहीं किया होता तो वे शायद विधायक चुनाव भी हार जाते। इस बात की पुष्टि इसी बात से हो जाती है कि कुछ महीनों बाद वे राजनांदगांव से सांसद चुनाव में फेल रहे और हार गए क्योंकि उस वक्त वे मुख्यमंत्री पद से हट चुके थे। आज वही भूपेश बघेल, साय सरकार को फेल बता रहे हैं।
श्री साहू ने कहा सत्ता गंवाने के बाद केवल एक ही परिवार की चरण वंदना करने के कारण बघेल अपनी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तो बन गए,लेकिन इसके बाद उन्हें जिन-जिन चुनावों में उनकी पार्टी ने उन्हें प्रभारी बनाया या जिम्मेदारी दी, उन सभी जगहों पर भी वे फेल ही रहे और पार्टी की लुटिया डुबा दी । वर्तमान में वे पंजाब के प्रभारी हैं, जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में अभी से कहा जा सकता है कि वहां भी वे फेल ही रहेंगे । उनका प्रभारी रहना, भाजपा के लिए प्लस प्वाइंट है और निश्चित तौर पर पंजाब में भाजपा की जीत का,चुनाव पूर्व एक तरह का एग्जिट पोल है। श्री साहू ने नीट पेपर लीक मामले में भूपेश बघेल के मोदी सरकार पर हमले को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि जिसके खुद के मुख्यमंत्रित्व काल में पीएससी जैसी परीक्षा के पेपर लीक नहीं बल्कि प्रशासनिक पद ही अधिकारियों, बिजनेसमैन और अन्य प्रभावी लोगों के परिजनों को बेच दिए गए, आज वो बघेल नीट पेपर लीक कर मोदी सरकार को घेरते हुए युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाला बता रहे हैं, इससे बड़ी विडंबना क्या होगी ।
श्री साहू ने कहा कि बघेल जैसे लोगों के लिए ही किसी विद्वान ने कहा है कि जब कभी आईना उठाया करो, पहले खुद देखो फिर दूसरों को दिखाया करो। लेकिन अफसोस वे अपने सबसे बड़े नेता राहुल गांधी,जो अपनी ही पार्टी को 99 चुनाव हरवाने का विश्व रिकॉर्ड बना चुके हैं,की तरह ही अपनी लगातार विफलता को ढंकने के लिए विकास के नये कीर्तिमान गढ़ रही साय सरकार और मोदी सरकार को घेरने के लिए बिना सिर-पैर के बयान देते रहते हैं । इससे साय सरकार और मोदी सरकार को तो कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन ऐसा करके वे अपनी खुद की जगहंसाई करवा लेते हैं क्योंकि नीट पेपर लीक सामने आने के बाद से मोदी सरकार ने जो-जो प्रभावी कदम उठाएं हैं।
उन्हें देशवासियों ने देखा है ।