गरियाबंद

श्रावण में प्रतिदिन गूंज रहा है सुंदरकांड पाठ
01-Aug-2026 2:43 PM
श्रावण में प्रतिदिन गूंज  रहा है सुंदरकांड पाठ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 1 अगस्त। पवित्र श्रावण माह में नगर का धार्मिक वातावरण भक्तिमय हो उठा है। इसी कड़ी में राजू बजरंगलाल काबरा परिवार द्वारा पिछले 11 वर्षों से आयोजित हो रहा दैनिक सुंदरकांड पाठ इस वर्ष 12 वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।

पूरे श्रावण माह प्रतिदिन शाम 6 बजे से सुंदरकांड पाठ, संक्षिप्त रामायण, शिवाष्टक, हनुमान चालीसा, राम नाम जप, सालासर बालाजी के भजन एवं आरती का आयोजन किया जा रहा है। आयोजक राजू बजरंगलाल काबरा ने बताया कि बालाजी एवं गुरुदेव की कृपा से निरंतर यह धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। आयोजन स्थल पर राम दरबार, शिव परिवार एवं सालासर बालाजी का भव्य दरबार सजाया जाता है, जिसका श्रृंगार कनेर, गुलाब, कमल,दसमत, दूधमोंगरा के पुष्प तथा बेलपत्र से किया जाता है। प्रतिदिन रात्रि 8.15 बजे आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जा रहा है। सालासर सुंदरकांड हनुमान चालीसा जनकल्याण समिति के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में नगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। काबरा परिवार ने सभी श्रद्धालुओं से श्रावण माह के इस पुण्य आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।


अन्य पोस्ट