गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 31 जुलाई। लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण नवापारा की निचली बस्तियों में बाढ़ का पानी भर जाने की स्थिति को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोबरा नवापारा की स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तेजेन्द्र साहू के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान लोगों को जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। स्वास्थ्य टीम द्वारा प्रभावित नागरिकों को ओ.आर.एस.,जिंक टैबलेट तथा बुखार के लिए पैरासिटामोल दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही लोगों को स्वच्छ पानी पीने,भोजन को ढंककर रखने, हाथों की नियमित सफाई करने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई।
डॉ. तेजेन्द्र साहू ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, उल्टी, दस्त,पेट में दर्द,कमजोरी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो वह तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोबरा नवापारा में उपचार हेतु पहुंचे।