गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 31 जुलाई। मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय का थल सेना चयन शिविर (टीएससी) 22 से 30 जुलाई तक एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र लखोली, रायपुर में आयोजित किया गया। शिविर में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के छह एनसीसी समूहों के कैडेटों ने भाग लिया।
शिविर का उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, प्रतिस्पर्धा की भावना, भाईचारा तथा सैन्य कौशल का विकास करना था। इसके लिए विभिन्न व्यावहारिक एवं लिखित प्रतियोगिताओं के माध्यम से कैडेटों की योग्यता का परीक्षण किया गया। उपरोक्त जानकारी देते हुए राजिम के एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा ने बताया कि शिविर में मध्यप्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, सागर एवं जबलपुर समूह तथा छत्तीसगढ़ के रायपुर समूह के कैडेट शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में बाधा दौड़ के माध्यम से सहनशक्ति, गति एवं फुर्ती का परीक्षण किया गया। मानचित्र अध्ययन एवं मार्ग निर्धारण प्रतियोगिता में नक्शा पढऩे, दिशा ज्ञान तथा स्थल की पहचान की क्षमता का आकलन किया गया। दूरी का आकलन एवं क्षेत्रीय संकेत प्रतियोगिता के माध्यम से सामरिक दृष्टि, संकेतों के उपयोग तथा युद्धक्षेत्र में संचार संबंधी दक्षता की परीक्षा ली गई। वहीं सेवा विषय के अंतर्गत सशस्त्र सेनाओं से संबंधित विषयों पर लिखित परीक्षा आयोजित की गई।
शिविर में चयनित कैडेटों को रायपुर समूह के मार्गदर्शन में लखोली स्थित एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र में आगामी दो प्रशिक्षण शिविरों में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित कैडेट 31 अगस्त से 11 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय थल सेना शिविर में भाग लेकर देशभर के 16 निदेशालयों की टीमों से प्रतिस्पर्धा करेंगे।
समापन समारोह में एनसीसी समूह मुख्यालय रायपुर के समूह कमांडर ब्रिगेडियर डी.के. पात्रा ने विजेता कैडेटों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कैडेटों के अनुशासन, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में रायपुर समूह ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए समग्र चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। बालक वर्ग में भोपाल समूह द्वितीय तथा सागर समूह तृतीय स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग में भोपाल समूह ने द्वितीय तथा जबलपुर समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
शिविर के समापन के साथ कैडेट अपने साथ अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, नई मित्रता और राष्ट्रीय सेवा की भावना से जुड़े अमूल्य अनुभव लेकर लौटे। यह आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के संस्कार विकसित करने में राष्ट्रीय कैडेट कोर की महत्वपूर्ण भूमिका का उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ।