गरियाबंद

मूसलाधार बारिश: गिरा विशाल पेड़, वन अफसर के आवास व सरकारी वाहन को नुकसान, बड़ा हादसा टला
30-Jul-2026 2:36 PM
मूसलाधार बारिश: गिरा विशाल पेड़, वन अफसर के आवास व सरकारी वाहन को नुकसान, बड़ा हादसा टला

गरियाबंद, 30 जुलाई । गरियाबंद जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार देर रात वन विभाग की फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित परिक्षेत्र अधिकारी के आवास के पास एक विशाल पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना में सरकारी वाहन एवं आवास को नुकसान पहुंचा, जबकि आवास में रात्रि विश्राम कर रही परिक्षेत्र अधिकारी उस समय दहशत में आ गईं। पेड़ की बड़ी टहनियां मकान पर गिरने से आवास क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण महानीम पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते देर रात करीब एक बजे अचानक गिर पड़ा। घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पेड़ को हटाने की कार्रवाई शुरू की।

गौरतलब है कि इससे पहले भी फॉरेस्ट कॉलोनी में एक विशाल नीलगिरी का पेड़ मकान पर गिर गया था। उस हादसे में घर के अंदर मौजूद एक महिला पेड़ और मलबे के नीचे दब गई थी। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।


अन्य पोस्ट