गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 28 जुलाई। समग्र शिक्षा एवं ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर के बेबीलॉन इंटरनेशनल होटल में आयोजित शिक्षण उत्सव 2026 में विकासखंड अभनपुर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला खोलीपारा नवापारा की सहायक शिक्षिका कुमारी प्रीति साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन रायपुर स्थित बेबीलॉन इंटरनेशनल होटल में किया गया। कुमारी प्रीति साहू को यह सम्मान रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह द्वारा प्रदान किया गया। विद्यार्थियों के सीखने को रुचिकर एवं प्रभावी बनाने हेतु नवाचारी शिक्षण गतिविधियों, शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के रचनात्मक उपयोग तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एपीसी पूनम तिवारी, डीएमसी अरुण कुमार शर्मा तथा जिला शिक्षा अधिकारी एम.जी. सतीश कुमार नायर,विकास खंड शिक्षा अधिकारी अभनपुर धरमचंद जैन, बीआरसीसी राकेश साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं ओपन लिंक्स फाउंडेशन एवं टीम विनोबा के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस अवसर पर रायपुर जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षकों ने अपने नवाचारी शैक्षणिक अनुभव साझा किए तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया।कुमारी प्रीति साहू, नवापारा स्थित साहू ऑटो पार्ट्स के संचालक रोशन लाल साहू की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर शासकीय प्राथमिक शाला खोलीपारा नवापारा के प्रधानपाठक बुद्धेश्वर कुमार ध्रुव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यालय में किए जा रहे नवाचारी एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक कार्यों की पहचान है।कुमारी प्रीति साहू की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सहकर्मियों, परिजनों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।