गरियाबंद

मानिकचौरी में संत निरंकारी मिशन का सत्संग
28-Jul-2026 2:23 PM
मानिकचौरी में संत निरंकारी मिशन का सत्संग

नवापारा-राजिम, 28 जुलाई।  समीपस्थ ग्राम मानिकचौरी में संत निरंकारी मिशन गोबरा नवापारा शाखा के तत्वावधान में सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से संध्याकालीन सत्संग का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया।  सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर आध्यात्मिक प्रवचनों का श्रवण किया तथा ईश्वर के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।  बहन बहुरा देवी साहू ने सत्संग को संबोधित करते हुए मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवात्मा को 84 लाख योनियों के बाद दुर्लभ मानव जन्म प्राप्त होता है। यह जीवन केवल भौतिक सुख-सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि परमात्मा की पहचान कर आत्मिक उन्नति और मानव कल्याण के लिए मिला है। यदि मनुष्य इस अनमोल जीवन का सदुपयोग नहीं करता, तो उसका जन्म व्यर्थ हो जाता है। उन्होंने कहा कि सत्गुरु के ज्ञान के माध्यम से ही मनुष्य परमात्मा का साक्षात्कार कर सकता है। जब मनुष्य ईश्वर को जान लेता है, तब उसके जीवन में प्रेम, विनम्रता, सेवा, सहनशीलता और भाईचारे जैसे गुण स्वत: विकसित हो जाते हैं।  उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे संत महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश फैलाएं।सत्संग के दौरान भक्ति गीतों एवं विचारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं ने निरंकारी मिशन के मानवता, सेवा और आध्यात्मिक जागरूकता के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सत्गुरु का आशीर्वाद प्राप्त कर विश्व शांति, मानव कल्याण और आपसी प्रेम-सौहार्द की कामना की। आयोजन के सफल संचालन में मिशन के सेवादारों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा। अंत में अवधराम साहू के द्वारा सभी महात्माओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


अन्य पोस्ट