गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 26 जुलाई। नगर के प्रतिष्ठित श्री राधा कृष्ण मंदिर में श्रावण सोमवार के अवसर पर 3 अगस्त से भव्य कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। श्रावण माह में 4 सोमवार पड़ रहा है, सभी सोमवार को पार्थिव शिवलिंग निर्माण करके भोलेनाथ की विशेष पूजा बेलपत्र धतूरा के फूल,चंदन,गुलाल से अर्पित कर अपने सिर पर थाली धारण करके श्री राधा कृष्ण मंदिर से निकल कर पावन महानदी के धारा में प्रवाहित किया जाएगा। प्रथम सोमवार 3 अगस्त को सभी श्रद्धालु शिव भक्तों के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था रखी गई है।
श्री राधाकृष्ण मंदिर के सर्वरकार मोहन अग्रवाल,गोपाल अग्रवाल, गिरधारी अग्रवाल,अभिषेक अग्रवाल,नयन अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालु अपनी मनोकामना के अनुसार पार्थिव शिवलिंग बनाकर जलाभिषेक और महामृत्युंजप मंत्र का जाप भी करते हैं।
गिरधारी अग्रवाल ने बताया कि सावन माह में सोमवार प्रदोष तिथि पार्थिक शिवलिंग पूजन का विशेष महत्व माना गया है। इस माह में ओम नम: शिवाय का जाप करते हुए भगवान महादेव का जलाभिषेक करना अत्यंत शुभ माना जाता है।
श्री अग्रवाल ने बताया कि राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण में जहां पर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण होता है, वहां पर फूल तोरण रंग बिरंगी पत्तों के द्वारा सजाया जा रहा है। पार्थिव शिवलिंग निर्माण को भव्य बनाने के लिए अपनी सहभागिता में लग गए हंै। मनमोहन अग्रवाल, गोविंद ,मोहन अग्रवाल,प्रणय अग्रवाल,प्रतीक अग्रवाल,अभिषेक अग्रवाल,संदीप गोयल,यश अग्रवाल,रवि अग्रवाल,बजरंग गोयल,सुमित अग्रवाल,सचिन गोयल,वैभव अग्रवाल,मुकेश अग्रवाल द्वारा हर सोमवार को सभी पधारे श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था रखी गई है।
धार्मिक मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान निकले हलाहल विष को भगवान शिव ने अपने कंठ में धारण कर लिए थे, विष की गर्मी को शांत करने के लिए देवताओं और भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस कारण सावन माह में भगवान शिव को जल चढ़ाने का विशेष महत्व माना जाता है।
पार्थिव शिवलिंग का निर्माण करने वाले को अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है। पार्थिव शिवलिंग मिट्टी गंगाजल या पवित्र जल से बनाया जाता है। पार्थिव शिवलिंग और अभिषेक करने से पापों का क्षय तथा पुण्य की प्राप्ति होती है।