गरियाबंद

नीट पेपर लीक के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस का प्रदर्शन
24-Jul-2026 5:40 PM
नीट पेपर लीक के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 24 जुलाई। देशभर में नीट पेपर लीक को लेकर जारी विरोध अब गरियाबंद में भी तेज हो गया है। ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में कॉलेज छात्र संगठन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को वीर सुरेंद्र साय शासकीय महाविद्यालय से विशाल रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया।

इसके पूर्व शासकीय महाविद्यालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के पास सभी छात्र-छात्राएं एकत्रित होकर रैली के रूप में प्रदर्शन करते हुए  हाथों में तख्तियां लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग की। रैली के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर उठ रहे सवाल लाखों मेहनती विद्यार्थियों के सपनों के साथ खिलवाड़ हैं।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित मिरी के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में छात्र संगठनों ने जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के अधिकार, विश्वास और भविष्य की रक्षा की लड़ाई है।

प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ।


अन्य पोस्ट