गरियाबंद
बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 24 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
रथयात्रा के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अंतिम तिथि, जो जून तक थी, उसे उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए सितंबर तक बढ़ा दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने सीधे राशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 24 घंटे काम कर रही है और अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और राज्य तेजी से नक्सल मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और बच्चों के साथ सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज, पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।