गरियाबंद

अग्रगामी महिला सम्मान से सम्मानित हुईं वैशाली सचदेव
19-Jul-2026 5:36 PM
अग्रगामी महिला सम्मान से सम्मानित हुईं वैशाली सचदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 19 जुलाई। सामाजिक संस्था वक्ता मंच द्वारा हाल ही में राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में प्रदेश स्तरीय महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 100 उत्कृष्ट महिलाओं को समाज सेवा, शिक्षा, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए अग्रगामी महिला सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। संत निरंकारी मिशन, राजिम ब्रांच से जुड़ी वैशाली सचदेव को बच्चों में नैतिक एवं आध्यात्मिक संस्कार विकसित करने, बाल संगत के माध्यम से उत्कृष्ट सेवाएं देने तथा समाजहित में किए जा रहे उनके सेवाभावी कार्यों के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।

वैशाली सचदेव के सम्मानित होने पर संत निरंकारी मिशन, राजिम ब्रांच में हर्ष का माहौल है। मिशन के ब्रांच मुखी गांधी सचदेव ने कहा कि वैशाली सचदेव बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं और उनका यह सम्मान पूरे मिशन परिवार के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी समाज सेवा एवं संस्कार निर्माण के कार्यों में इसी समर्पण के साथ योगदान देती रहेंगी। वैशाली सचदेव को सम्मान मिलने पर वर्षा सचदेव, कशिश सचदेव, सुहानी नारवानी, जिया नारवानी, रीता सुंदरानी, माही इशानी, महक गोविंदानी, सोनिया पोपटानी सहित मिशन से जुड़े अनेक सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


अन्य पोस्ट