गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 15 जुलाई। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.रूपधर दीवान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंपारण में 13 जुलाई को संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
ग्राम सरपंच अनिल साहनी, उपसरपंच दुष्यंत कुमार साहू, विधायक प्रतिनिधि खिलेंद्र कुमार साहू,जनपद सदस्य प्रतिनिधि प्रवीण कल्ला,विद्यालय के प्राचार्य पुरुषोत्तम साहू एवं समस्त स्टॉफ,माध्यमिक विद्यालय से प्रभारी प्रधान पाठक खुशबू मिश्रा एवं समस्त स्टॉफ के साथ सभी विद्यालय के विद्यार्थी एवं समस्त शाला विकास समिति के सदस्य व पालकगण मौजूद रहे।
संकुल समन्वयक धनेश ध्रव ने प्रवेश उत्सव के आयोजन का महत्व स्पष्ट किया। प्रवीण कल्ला द्वारा आशीर्वचन प्रदान करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। ग्राम के वरिष्ठ के.एल.साहू ने सभी आयुवर्ग के बच्चों को उनके दायित्व का दायरा बताते हुए विनयवान रहने की सीख दी। नवप्रवेशी बच्चों का गुलाल लगाकर स्वागत करते हुए मुहँ मीठा कराया गया तथा पुस्तक एवं गणवेश प्रदान किया गया। तदुपरांत सभी अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रकृति के प्रति आभार व उसकी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया गया। विद्यालय के कक्षा 12वीं वाणिज्य के छात्र चैतन्य कुमार साहू द्वारा इस अवसर पर 551 वृक्षारोपण व उनकी देखरेख का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम संचालन वरिष्ठ व्याख्याता बसंत कुमार ध्रुव द्वारा किया गया। उपरोक्त जानकारी विद्यालय की व्याख्याता डॉ.प्रियंका शर्मा द्वारा प्रदान की गई।