गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 10 जुलाई। कलेक्टर बी.एस. उइके ने गुरुवार को जिले के सुदूर वनांचल एवं आदिवासी क्षेत्रों का आकस्मिक दौरा कर शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उचित मूल्य दुकान, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और आदिवासी आश्रमों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर सबसे पहले ग्राम जोबा की उचित मूल्य दुकान पहुंचे। यहां उन्होंने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर और भंडारण का निरीक्षण किया। राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों से चर्चा कर वितरण की गुणवत्ता और नियमितता की जानकारी ली। हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें हर माह समय पर राशन मिल रहा है। इस पर कलेक्टर ने सेल्समैन को पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने नवागढ़ आंगनबाड़ी केंद्र, शासकीय प्राथमिक विद्यालय और धवलपुर आदिवासी बालक आश्रम का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार और साफ-सफाई की समीक्षा करते हुए बच्चों को चॉकलेट वितरित की। उन्होंने कुपोषित बच्चों की जानकारी लेकर पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान देने को कहा।
प्राथमिक विद्यालय में कलेक्टर ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से गणित, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे तथा उनके सीखने के स्तर का आकलन किया। शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक, सामाजिक और व्यवहारिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
धवलपुर आदिवासी बालक आश्रम में भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्वच्छता, छात्रावास और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी जानीं और अधिकारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कुल्हाड़ीघाट और मटाल के आंगनबाड़ी केंद्रों तथा शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम कुल्हाड़ीघाट का भी निरीक्षण कर पोषण आहार, उपस्थिति, स्वच्छता और छात्रावास की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान भालुडिग्गी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आशामोतिन नेताम की समर्पित सेवा से प्रभावित होकर कलेक्टर ने उन्हें आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित करने की घोषणा की। आशामोतिन नेताम 12 किलोमीटर दुर्गम पहाड़ी पैदल पार कर छह दिन गांव में रहकर आंगनबाड़ी संचालित करती हैं। साथ ही गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाकर संस्थागत प्रसव कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त लोकेश पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।