गरियाबंद

नियमों की अनदेखी पर सख्ती 6 स्कूली बसों पर चालान
10-Jul-2026 8:06 PM
नियमों की अनदेखी पर सख्ती 6 स्कूली बसों पर चालान

7 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 10 जुलाई। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से निजी स्कूल बसों एवं नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाली 6 स्कूल बसों पर चालानी कार्रवाई की गई, जबकि सडक़ पर वाहन चलाते मिले 7 नाबालिगों के खिलाफ भी मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न मार्गों एवं निजी स्कूलों में आकस्मिक जांच की गई। संयुक्त टीम ने श्रद्धा पब्लिक स्कूल, द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल और एंग्लो एंजल्स पब्लिक स्कूल की कुल 18 स्कूल बसों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 6 बसों में मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया, जिसके चलते उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

निरीक्षण में कई बसों का फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त मिला, वहीं कुछ बसों में लगे अग्निशमन यंत्र भी एक्सपायर पाए गए। सुरक्षा मानकों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ने मौके पर ही संबंधित बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

इसी दौरान यातायात जांच के दौरान 7 स्कूली नाबालिग बच्चे वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इनके विरुद्ध भी मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

गरियाबंद पुलिस एवं परिवहन विभाग ने सभी निजी स्कूल प्रबंधन को स्कूल बसों के सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने के लिए न दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह का संयुक्त जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट