गरियाबंद

दुनिया में छत्तीसगढ़ की मान बढ़ाने वाली तीजन बाई की स्मृतियों को नमन-ब्रह्मदत्त शास्त्री
07-Jul-2026 4:44 PM
दुनिया में छत्तीसगढ़ की मान बढ़ाने वाली तीजन बाई  की स्मृतियों को नमन-ब्रह्मदत्त शास्त्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 7 जुलाई। छत्तीसगढ़ की लोक कला पंडवानी को विश्व के मंच पर एक अनूठी पहचान दिलाने वाली पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन न केवल कला जगत के लिए, छत्तीसगढ़ के लिए एक अपूरणीय क्षति है,सामाजिक सरोकारों से जुड़े त्रिवेणी के संस्थापक ब्रह्मदत्त शास्त्री ने बताया की 2012 में जुलाई में ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आंदोलन को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ की नाम तीन त्रिमूर्ति पद्मश्री तीजन बाई, फूल बासन बाई यादव और शमशाद बेगम को एक ही मंच पर लाकर खड़ा कर दिया था न केवल नगर के लिए बल्कि पूरे प्रदेश के लिए भी उस समय यह एक अनूठा आयोजन था।

इसमें हमने नगर के उन सभी अभिभावकों का स्मृति चिन्ह देकर इन तीनों पद्मश्री से अलंकृत नारी शक्तियों से सम्मान करवाया था जिनके यहां संतान के रूप में केवल बेटियां ही थी चाहे वह एक बेटी के माता-पिता हो या एक अधिक बेटियों के माता-पिता, ब्रह्मदत्त ने बताया कि पद्मश्री पद्मभूषण और पद्म विभूषण भारत सरकार के इन तीनों सम्मानों से अलंकृत और छत्तीसगढ़ रत्न विभूषित तीजन बाई इस कार्यक्रम में आकर बड़ी प्रसन्न थी ब्रह्मलीन संत कवि पवन दीवान, मोहन सुंदरानी और संजय बाजपेई  को मंचासीन देखकर और उनसे मिलकर वह गदगद हो गई थी और इस समग्र आयोजन की उन्होंने भूरी भूरी प्रशंसा की थी और मुझे धन्यवाद दिया था।

अनिल जगवानी ने बताया कि उस समय हमने नगर के सभी पार्षदों से संपर्क करके उन लोगों के नाम मंगवा लिए थे जो केवल बेटियों के माता-पिता थे हमने उस समय जिन सैकड़ों लोगों का सम्मान तीजन बाई और फूलबासन बाई यादव व शमशाद बेगम से करवाया था उसमें प्रमुख रूप से डॉ.बलजीत सिंह,स्वतंत्र पाल सिंह ठाकुर,डॉ प्रकाश गुप्ता और लोकनाथ सोनकर प्रमुख थे छत्तीसगढ़ ब्रह्म समाज के मुखिया ललित मिश्रा इस आयोजन में शामिल होकर इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने ऐसा ही एक आयोजन राजधानी रायपुर में भी बाद में करवाया था।

वर्तमान एल्डरमैन अन्नपूर्णा देवांगन उस समय को याद करते हुए बताती है कि हमने सभी वार्डों में जाकर सर्वे किए थे और लोगों को एक मंच पर लाने के लिए बड़ी मेहनत की थी लेकिन हमारा सारा परिश्रम तीजन बाई की सरलता और उनके अपनेपन से भरे हुए ठेठ छत्तीसगढ़ी बर्ताव को देखकर सफल हो गया अशोक गंगवाल और  साधना स्वराज ने बताया कि एक ही मंच पर तीनों पद्मश्री को देखना एक रोमांचक और यादगार अनुभव रहा ऐसा आयोजन नगर में इससे पहले ना तो कभी पहले हुआ था और ना ही अभी तक हुआ है पत्रकारिता जगत से जुड़े रमेश पहाडिय़ा और श्याम किशोर शर्मा ने बताया की राजिम कुम्भ के मुक्ताकाशी मंच से तीजन को पंडवानी करते हुए देखना एक ऐसा अनुभव रहा जो हम कभी भूल नहीं सकते एक नारी में ही भीम अर्जुन, द्रौपदी, भीष्म पितामह और कृष्ण के स्वरूप को जिस ओजस्वी और प्रभावशाली ढंग से वह मूर्तमान करती थी उसका शब्दों में बखान नहीं किया जा सकता आज भले ही आप हमारे बीच नहीं है लेकिन पंडवानी गायन के माध्यम से आप लोक कला के इतिहास में हमेशा हमेशा के लिए अमर हो गई है इसके साथ ही नगर की विभिन्न सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं ने भी तीजन बाई को श्रद्धा सुमन समर्पित किए हैं।


अन्य पोस्ट